इंदौर। शहरवासियों और यात्रियों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। इंदौर से मुंबई के बीच अब एक नई स्पेशल ट्रेन ‘तेजस’ की शुरुआत कर दी गई है, जो सप्ताह में दो दिन संचालित होगी। यह ट्रेन मंगलवार एवं शनिवार को शाम 5 बजे इंदौर से मुंबई के लिए रवाना होगी। हज यात्रियों की सुविधा के लिए इंदौर से मुंबई तक अतिरिक्त व्यवस्था की लगातार उठाई जा रही मांग आखिरकार सफल हो गई है। इस उपलब्धि के पीछे इंदौर जिला हज कमेटी के सतत प्रयासों को प्रमुख कारण माना जा रहा है। दरअसल, हज यात्रा को सुगम बनाने के लिए इंदौर जिला हज कमेटी लंबे समय से रेलवे विभाग से अतिरिक्त बोगियों और विशेष ट्रेन की मांग कर रही थी। कमेटी के अध्यक्ष राशिद शेख ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री मोहन यादव, हज कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष रफत वारसी एवं सांसद शंकर लालवानी को पत्र एवं ईमेल के माध्यम से अनुरोध किया था कि इंदौर से मुंबई जाने वाली ट्रेनों में हज यात्रियों के लिए पर्याप्त व्यवस्था की जाए। इसी मांग के चलते अब ‘तेजस’ स्पेशल ट्रेन शुरू होना एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। हज कमेटी ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष रफत वारसी, सांसद शंकर लालवानी एवं रेलवे विभाग इंदौर का आभार व्यक्त किया है, जिनके सहयोग से इंदौर से मुंबई के लिए यह विशेष ‘तेजस’ ट्रेन शुरू हो सकी।

सिर्फ ट्रेन की मांग ही नहीं, बल्कि हज 2026 की तैयारियों को लेकर भी इंदौर जिला हज कमेटी लगातार सक्रिय नजर आ रही है। हाल ही में चलाए गए टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 1395 हज यात्रियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। यह अभियान 12 फरवरी से 17 फरवरी तक संचालित हुआ, जिसमें प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक यात्रियों का टीकाकरण किया गया। इस दौरान डॉ. हसानी और डॉ. जफर पठान डॉ. मुजाहिद का विशेष सहयोग रहा, वहीं हज ट्रेनर अशफ़ाक़ लोदी जी व साबिर नूरानी जी की भी अहम भूमिका रही।

कमेटी द्वारा हज यात्रियों के लिए स्वास्थ्य, मार्गदर्शन और अन्य व्यवस्थाओं पर लगातार कार्य किया जा रहा है। अध्यक्ष राशिद शेख स्वयं इन तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रहे थे और हर स्तर पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हुए हैं। उनकी सक्रियता और समर्पण के चलते ही इंदौर के हज यात्रियों को एक के बाद एक सुविधाएं मिल रही हैं।

स्थानीय लोगों और हज यात्रियों ने भी जिला हज कमेटी और विशेष रूप से अध्यक्ष राशिद शेख के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार चार वर्ष से मेहनत कर रहे हैं, जिसकी बदौलत यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। कुल मिलाकर, इंदौर जिला हज कमेटी का यह प्रयास न केवल एक ट्रेन की शुरुआत तक सीमित है, बल्कि हज यात्रियों की हर जरूरत को ध्यान में रखते हुए निरंतर किए जा रहे कार्यों का परिणाम है, जो निश्चित ही काबिल-ए-तारीफ है।