नई दिल्‍ली। भारतीय कप्‍तान रोहित शर्मा अपनी आक्रामक बल्‍लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। रोहित शर्मा की बल्‍लेबाजी से अच्‍छे से अच्‍छे गेंदबाज खौफ खाते रहे हैं, लेकिन भारतीय कप्‍तान ने बताया कि उनके मन में सबसे ज्‍यादा डर किस गेंदबाज ने भरा।

रोहित शर्मा ने कहा कि उन्‍हें बुरे सपने तो नहीं आते थे, लेकिन दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाज का सामना करने में दिक्‍कत होती थी क्‍योंकि वो कड़े प्रतिस्‍पर्धी रहे हैं। रोहित शर्मा ने साथ ही कहा कि उन्‍हें जब इस तेज गेंदबाज के खिलाफ बैटिंग के लिए जाना होता था, तो वो उससे पहले गेंदबाज के करीब 100 वीडियो देखते थे और अपनी तैयारी करते थे।

रोहित शर्मा ने क्‍या कहा

रोहित शर्मा ने दुबई आई 103.8 से बातचीत में कहा, ''बुरे सपने तो नहीं, लेकिन उनके खिलाफ बल्‍लेबाजी करने जाने से पहले मैं उनके 100 वीडियो देखता था। वो डेल स्‍टेन थे। क्रिकेट के महान खिलाड़ी। उन्‍होंने अपने करियर में जो हासिल किया, वो बेहतरीन है। मैंने कई बार उनका सामना किया है। वो बहुत तेज गेंदें फेंकते थे। वो उस गति में गेंद को स्विंग कराते थे, जो कि आसान नहीं था।''

रोहित शर्मा ने आगे कहा, ''डेल स्‍टेन कड़े प्रतिस्‍पर्धी थे। वो मैदान पर जाकर सबकुछ करना चाहते थे। वो प्रत्‍येक मैच जीतना चाहते थे। हर सेशन में जीत चाहते थे। तो उनके खिलाफ खेलना मजेदार था। मुझे उनके खिलाफ ज्‍यादा सफलता तो नहीं मिली, लेकिन मैंने अपने मुकाबलों का आनंद उठाया।''

टी20 वर्ल्‍ड कप की तैयारी

रोहित शर्मा आगामी टी20 वर्ल्‍ड कप 2024 में भारतीय टीम की कमान संभालेंगे और उनकी कोशिश 11 साल का खिताबी सूखा समाप्‍त करने की होगी। रोहित शर्मा इस समय आईपीएल में व्‍यस्‍त हैं, जहां मुंबई इंडियंस का आखिरी लीग मैच बचा है। मुंबई की टीम पहले ही प्‍लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। जल्‍द ही रोहित शर्मा अमेरिका रवाना होंगे, जहां वो टी20 वर्ल्‍ड कप 2024 की तैयारियों में जुटेंगे। भारत अपना पहला मैच 5 जून को आयरलैंड के खिलाफ खेलेगा।