मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा प्रदेश में मतदान होने के बाद से लगातार चुनावी राज्यों में भ्रमण कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने झारखंड की गोड्डा लोकसभा सीट पर कार्यकर्ताओं को मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में मिली जीत से मिला मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ने खुद के परिवार के वोट के साथ-साथ आसपास के चार परिवारों के वोट डलवाए। इसका ही नतीजा था कि विधानसभा चुनावों में भाजपा को प्रचंड जीत मिली। 

गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने बैठक ली। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने मध्य प्रदेश में बूथ विस्तार अभियान, वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के फार्मूले पर कार्यकर्ताओं को बताया। शर्मा ने बताया कि कैसे बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए से निरंतर संपर्क करते हुए घर-घर से वोट डलवाना है। शर्मा ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में मिली ऐतिहासिक जीत के पीछे की रणनीति पर भी कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने बताया कि सुबह कार्यकर्ता खुद के परिवार के वोट के साथ-साथ आसपास के चार परिवारों के वोट भी डलवाए। बैठक में राज्यसभा सांसद और झारखंड के प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेई के साथ ही गोड्डा लोकसभा से उम्मीदवार निशिकांत दुबे भी मौजूद रहे। 

पूरे देश में चर्चा में है मप्र का बूथ मैनेजमेंट

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों के दौरान वीडी शर्मा के नेतृत्व में बूथ मैनेजमेंट की जो रणनीति बनी थी, उसकी पूरे देश में संगठन स्तर पर तारीफ की गई। माना गया कि इसी बूथ मैनेजमेंट के बूते भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। इसी वजह से ऐसी सीटों पर शर्मा को बुलाया जा रहा है, जहां कार्यकर्ताओं में थोड़ा सा जोश भरकर पांसा पलटा जा सकता है। 

झारखंड में वीडी का बूथ मैनेजमेंट फॉर्मूला 

  • गोड्डा लोकसभा क्षेत्र के कोर कमेटी के सदस्य सुबह 6:00 बजे प्रमुख कार्यकर्ताओं को फोन कर सक्रिय करेगा। कोर कमेटी का प्रत्येक सदस्य छह लोगों को फोन करेगा। 
  • बूथ अध्यक्ष बूथ महामंत्री, बीएलए अपने-अपने क्षेत्र में लगातार मतदाताओं के संपर्क में रहेंगे। 
  • विपक्षी दल जिस तरह से भ्रम फैला रही है उसका बूथ पर जवाब देना है। सोशल मीडिया टीम लगातार मोदी सरकार की योजनाओं और क्षेत्र में हुए विकास की जानकारी शेयर करें।